अजीतमल (औरैया)। टेंपो से जा रही महिला के बैग से चोरों ने चेन काटकर लाखों के जेवर व नगदी पार कर दी। महिला ने टेंपो चालक व उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी है।
लालबंगला (कानपुर) निवासी रानो गुप्ता पत्नी दिलीप कुमार ने कोतवाली में तहरीर दी कि वह शिवम पुत्र दर्शनलाल गुप्ता निवासी शास्त्री नगर की शादी में बाबरपुर गई थी। बहन कुसुमा पत्नी काशी गुप्ता निवासी सुतरखाना (कानपुर), भाई सुनील गुप्ता, भाभी किरन, गीता, सोनी गुप्ता निवासी हूलागंज (कानपुर) व बच्चों के साथ कानपुर जाने के लिए वाहन के लिए बाबरपुर तिराहे पर खड़ी थी।
तिराहे पर बाबरपुर के एक युवक ने एक ऑटो रोडवेज स्टैंड के लिए बुक करा दिया। रास्ते में मना करने के बावजूद ऑटो चालक ने पहचान के लोगों का हवाला देते हुए तीन अज्ञात लोगों को भी बैठा लिया। थोड़ी दूर चलकर तीनों लोगों को अलग-अलग जगहों पर उतार दिया। वे लोग भी बस स्टैंड औरैया उतरकर रोडवेज बस में बैठने चले गए। जब बैग देखा तो उसमें से सोने की तीन जंजीरें, एक हार, एक झुमकी, एक कनौती तथा कुसुमा के दस हजार रुपये गायब थे। ऑटो चालक को खोजने की कोशिश की लेकिन नहीं मिला। कोतवाली प्रभारी एके सिंह ने बताया कि अभी तहरीर के बारे में कोई जानकारी नहीं है। अगर ऐसी घटना हुई है तो जांचकर कार्रवाई की जाएगी।
-शादी समारोह से टेंपो से घर जा रही थी महिला
अमर उजाला ब्यूरो