गुरसहायगंज। रविवार की रात चोरों ने बंद पड़े डॉक्टर के आवास के कमरों के ताले तोड़कर दो लाख की नगदी, एक लाख के सोने के जेवर और एक लैपटॉप चोरी कर लिया। देर रात घर पहुंचे डॉक्टर को घटना की जानकारी हुई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। घटना का मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
औरैया जनपद के घटवा याकूबपुर निवासी डॉ. विपिन कुमार यादव कस्बे के एक नर्सिंग होम में डायरेक्टर हैं। मोहल्ला मुजाहिद नगर सर्विस रोड निवासी बालक राम के मकान में किराये पर रह रहे हैं। विपिन यादव ने बताया कि रविवार की रात करीब तीन बजे वह नर्सिंग होम से आवास पहुंचे। मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर पहुंचने पर तीन कमरों के ताले टूटे मिले। कमरे का सारा सामान बिखरा था। चोर अलमारी में रखे दो लाख रुपये, करीब एक लाख के सोने के जेवर और लैपटॉप चोरी कर ले गए। इसकी सूचना पुलिस को दी। हेड आरक्षी शिव प्रकाश, अतुल कुमार, अशोक कुमार ने घटना की छानबीन की। चोरों को तलाश किया। विपिन ने बताया कि 11 मार्च को उसकी शादी है। गाड़ी खरीदने के लिए रुपये रखे थे। चोर होने वाली पत्नी के लिए बनवाया गया मंगलसूत्र व अन्य जेवर भी ले गए। इनकी कीमत करीब एक लाख रुपये है। गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी नागेंद्र पाठक ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
डॉक्टर के घर से लाखों की चोरी
दो लाख की नगदी, एक लाख के सोने के जेवर और एक लैपटॉप चोरी