तिर्वा (कन्नौज)। मामूली बात को लेकर बड़े भाई ने अपने पुत्र व पत्नी के साथ मिलकर छोटे भाई को मारपीट कर मरणासन्न कर दिया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। तीन दिन बाद घायल की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया।
कोतवाली क्षेत्र के मुरैया गांव निवासी सलमा पत्नी अरमान अली ने बताया कि छह जून की शाम करीब छह बजे उसके पति घर के बाहर काम कर रहे थे। उसी दौरान उसके ही जेठ उसमान अली पुत्र रहमत अली वहां पर आए और मामूली बात को लेकर उसके पति के साथ गालीगलौज करने लगे। जब विरोध किया तो उसमान अली उनका पुत्र गुड्डू, छोटू व पत्नी टर्री वहां पर आ गए और लाठियों से मारपीट कर घायल कर दिया। उसके पति मारपीट में गंभीर रूप से घायल हो गए। वह मेडिकल कालेज में भर्ती हैं। छह जून की शाम से वो कोतवाली के चक्कर लगा रही है। पर उसकी रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई। पुलिस ने तीन दिन बाद महिला की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। कोतवाल टीपी वर्मा ने बताया कि महिला द्वारा पुलिस पर गलत आरोप लगाया जा रहा है। वह जैसे ही तहरीर लाई उसका मुकदमा दर्ज किया गया।