अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज।
सदर विधायक के भाई के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज हो गया है। चार दिन पूर्व बिजली विभाग की टीम ने चेकिंग के दौरान उनके आवास पर चोरी की बिजली का उपभोेग पकड़ा था। राजनीतिक दबाव के चलते बिजली विभाग के कुछ अफसर इस मामले को दबाने में भी जुटे थे। पर आखिरकार इस संबंध में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
अवर अभियंता पीसी पाराशर ने चार जून को कलक्ट्रेट के पास हौदापुरवा गांव में छापा मारा था। इस दौरान सपा से सदर विधायक अनिल दोहरे के भाई प्रमोद दोहरे के घर बिजली चोरी होती पाई गई। मीटर से केबिल अलग कर घर में बिजली सप्लाई हो रही थी।
गुरुवार को अवर अभियंता पीसी पाराशर की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने प्रमोद दोहरे के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया। बिजली चोरी पकड़ने के बाद से राजनीतिक दबाव के चलते विभाग के कुछ अफसर मामले को दबाने में लगे थे। सदर कोतवाली प्रभारी ए.के सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
- हौदापुरवा स्थित आवास पर चोरी की बिजली का होता था प्रयोग
- राजनीतिक दबाव के चलते कई अधिकारी मामले को दबाने में जुटे