सेवानिवृत्त दरोगा की बैटरी एजेंसी में चोरी
- बैटरियां और नकदी पर किया हाथ साफ, जनवरी में भी हुई थी वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
छिबरामऊ। सौरिख रोड स्थित सेवानिवृत्त दरोगा की बैटरी एजेंसी को चोरों ने निशाना बनाते हुए हजारों रुपये की बैटरियां व नकदी चोरी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।
नगर के मोहल्ला इंद्रानगर निवासी सेवानिवृत्त दरोगा कालीचरन सिंह की सौरिख रोड पर केटीएल के सामने केसी बैटरी के नाम से एजेंसी है। छोटा पुत्र चिराग सिंह एजेंसी पर बैठता है। सोमवार की रात चोर एजेंसी के पीछे की दीवार में लगे रोशनदान की सरिया काटकर अंदर घुस गए। चोरों ने बाइक व कारों की कई बैटरियां, सीसीटीवी कैमरे की मशीन, हार्ड डिस्क, बैटरी चार्जर, वाईफाई व गोलक में रखे दस हजार रुपये चोरी कर लिए। सोलर पैनल का इन्वर्टर क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह जब चिराग ने एजेंसी खोली तो अंदर सामान इधर उधर बिखरा पड़ा देख चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। कालीचरन ने बताया कि जनवरी में भी चोरों दो सोलर पैनल चोरी कर लिए थे। इस संबंध में कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि जांच कराई जा रही है।