गुरसहायगंज। मिल्क वैन में चालक की सीट के पास रखा रुपयों से भरा झोला चोरी हो गया। झोले में 60 हजार रुपये थे। वैन के चालक ने घटना की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस ने चोरों की तलाश में छानबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
कानपुर नगर की बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के गांव बेदीपुरा निवासी महेंद्र कुमार एक कंपनी की मिल्क वैन चलाता है। गुरसहायगंज क्षेत्र में वह दूध दुकानों पर सप्लाई करता है। शनिवार की दोपहर लगभग 11 बजे उसने तिराहा स्थित तीन दुकानदारों से दूध की सप्लाई कर भुगतान लिया। इसके बाद वह तिर्वा रोड पप्पन डेयरी पहुंचा और दूध की क्रेट देने के बाद भुगतान लेकर लौटा तो मिल्क वैन में उसकी सीट के पास रखा 60 हजार रुपयों से भरा झोला गायब था।
रुपयों से भरा झोला गायब देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल यूपी 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन की और आसपास चोरों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। महेंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।