सौरिख। चुनाव की रंजिश में प्रधान पति और बेटों पर चार माह की गर्भवती महिला को घर में घुसकर पीटने और पेट में लात मारकर बेहोश करने का आरोप लगा है। महिला को परिजन अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है।
इलाके के ग्राम हुसैपुर निवासी रेनू (25) पत्नी संतोष ने बताया कि प्रधान पति, इनके दो बेटों और भतीजे ने प्रधानी के चुनाव में वोट न देने के चलते घर में घुसकर गाली गलौज शुरू कर दिया। गाली देने से मना करने पर मारपीट कर दी। वह चार माह से गर्भवती हैं।
पेट में लात लगने से मौके पर बेहोश हो गईं। परिजन सीएचसी ले गए। यहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने प्रधान पति, इनके बेटों और भतीजे पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक हरिश्याम सिंह ने बताया कि जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।