कन्नौज। जम्मूतवी से वाराणसी में जाने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस के तीन कोच में मुरादाबाद और बरेली के बीच बीती 29 जून को हुई लूट से स्थानीय आरपीएफ भी सतर्क हो गई है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए ट्रेनों के सभी स्लीपर कोच में अब आरपीएफ और जीआरपी के दो जवान तैनात रहेंगे। संदिग्धों की तलाशी के बाद ही कोच में प्रवेश दिया जाएगा।
बीती 29 जून को ही दो अलग-अलग घटनाओं ने ट्रेनों में यात्री सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी थी। बेगमपुरा एक्सप्रेस की तीन बोगियों में लूटपाट हुई थी तो इसी दिन बरेली से अलीगढ़ जा रही ट्रेन में बरेली की रहने वाली यात्री की हत्या कर दी गई थी। ट्रेनों में बढ़ रही वारदात को लेकर रेल मंत्रालय ने हाई अलर्ट किया है। शुक्रवार को आरपीएफ थाना प्रभारी ओपी मीणा के नेतृत्व में ट्रेनों में संदिग्धों की तलाश की गई। आरपीएफ थाना प्रभारी ने बताया कि रात को स्लीपर कोचों में जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा दो टीमें ट्रेनों में गश्त पर रहेंगी।