कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक शख्स ने पत्नी, दो सालों और तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध उसकी गैर मौजूदगी में जेवर और कीमती सामान घर से ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
न्यू कचहरी रोड सरायमीरा निवासी विक्रांत सिंह प्राइवेट नौकरी करते हैं। चार वर्ष पहले उनकी शादी फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के मसेनी चौराहा निवासी सुनीत पाल के साथ हुई थी। विक्रांत के मुताबिक शादी के कुछ दिन बाद ही पत्नी से विवाद हो गया था। सोमवार को सदर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में विक्रांत ने बताया कि 11 मई को उसकी पत्नी सुनीत ने उसकी गैर मौजूदगी में भाई संदीप और राजवीर को बुलाया। दोनों के साथ तीन अज्ञात लोग भी आए। सभी लोगों ने परिजनों को धमकी दी। घर में रखे करीब चार लाख रुपये के मां के जेवर और तीन लाख रुपये के खुद के जेवर व अन्य सामान लेकर चली गई। कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।