छिबरामऊ (कन्नौज)। 28 मई को ग्राम कुंवरपुर करनौली में फाल्ट ठीक करते समय संविदा कर्मी करंट लगने से पोल से नीचे सरियों पर आ गिरा था। गंभीर हालत में कर्मचारी को आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई रेफर किया गया था। यहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने शव बिजली घर में ले जाकर जमकर हंगामा किया। समाचार लिखे जाने तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था।
औरैया के थाना दिबियापुर अंतर्गत ग्राम बूढ़ादाना निवासी सुनील उर्फ बबलू (40) पंथरा फीडर पर संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। 28 मई को सुनील साथी लाइनमैन मंजीत, राजीव व विनीत के साथ कुंअरपुर करनौली गांव में बिजली के फाल्ट के बाद जंफर बांधने के लिए गए थे। लाइनमैन मंजीत ने बिजली विभाग से शट डाउन ले लिया। जंफर बांधते समय सुनील को करंट लगा और वह नीचे आ गिरा। नीचे गिरने से उसके शरीर में सरिया घुस गई थी। सौ शैया अस्पताल से उसे ग्रामीण आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर कर दिया गया था। मंगलवार को इलाज के दौरान सुनील की मौत हो गई। जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मंगलवार शाम को परिजन शव लेकर बिजली घर पहुंच गए। मुआवजे के अलावा बालिग होने पर पुत्र को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। समाचार लिखे जाने मौके पर न तो एक्सईएन पहुंचे थे और न ही एसडीओ। परिजन मुआवजा न मिलने तक शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने के लिए तैयार नहीं थे। जेई करन सिंह ने बताया कि विभाग से मुआवजा मृतक के परिजनों को कर्मचारी को दिलाया जाएगा।
विभागीय लापरवाही के चलते गई जान
सुनील की पत्नी कांती देवी का आरोप था कि शट डाउन लेने के बाद जंफर बांधने के लिए खंभे पर चढ़े उसके पति को आखिर करंट कैसे लगा। इसका जवाब किसी भी कर्मचारी के पास नहीं था। विभाग की लापरवाही के कारण उसके पति की मौत हुई है। वहीं जेई करन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट लगने की पुष्टि नहीं हुई है। हो सकता है ऊपर से गुजरी हाइटेंशन लाइन का करंट उसे लगा हो जिससे वह नीचे गिरा था। नीचे गिरने से उसके शरीर में सरिया भी घुसी थी।
परिवार के सामने खड़ा हुआ रोजी रोटी का संकट
सुनील पूर्वी बाईपास स्थित गनी मार्केट में कमरा किराये पर लेकर परिवार के साथ रहते थे। पत्नी कांती देवी के अलावा बेटी रानी (22) व पुत्र रचित (15) है। सुनील अपनी बेटी की शादी की तैयारी कर रहा था। संविदा कर्मी की मौत के बाद उसके परिवार के सामने अब भरण पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
रोते बिलखते पुत्र व पुत्री। संवाद- फोटो : CHIBRAMAU
सुनील उर्फ बबलू (फाइल फोटो)।- फोटो : CHIBRAMAU