छिबरामऊ। तिलक के बाद दहेज में पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर वर पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया। युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र के एक व्यक्ति ने बेटी की शादी नगर के मोहल्ला भैनपुरा निवासी शिवम के साथ तय की थी। तिलक समारोह से पहले ही दहेज में पांच लाख रुपये लड़के के परिजनों को दे दिए थे। 16 मई को तिलकोत्सव के बाद शिवम के भाई नवीन ने और रुपयों की मांग शुरू कर दी। मना करने पर गाली गलौज के साथ मारपीट की। जान से मारने की धमकी देते हुए शादी करने से इंकार कर दिया। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़ित युवती ने एसपी को भेजे पत्र में कहा है कि शिवम के परिजन उसके पहले से ही रिश्तेदार हैं। शादी तय होने के बाद शिवम ने उसे कई बार अपने घर बुलाकर शारीरिक शोषण का प्रयास किया। बाद में उसने शादी से इंकार कर दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक युवती के पिता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी हैं। युवती की शिकायत की भी जांच कराई जाएगी। (संवाद)