कन्नौज। तिर्वा रोड स्थित एक बुटीक खाली न होने पर दुकान मालिक ने महिला साथियों के साथ मिलकर सामान सड़क पर फेंक दिया और दुकान खाली करा ली। दुकान के विवाद को लेकर बुटीक संचालिका ने न्यायालय में कुछ दिनों पहले ही मुकदमा भी दायर किया है। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों में बढ़ते विवाद को देख सदर कोतवाली ले गई।
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली बुटीक संचालिका सिनौरा ने बताया कि तिर्वा रोड स्थित एक किराये की दुकान में बुटीक का काम करती है। रविवार को सुबह करीब 11 बजे दुकान मालिक महिला ने अपनी सहेलियों के साथ मिलकर बुटीक की दुकान का सामान बाहर फेंक दिया और दुकान खाली करा ली। दुकान में विवाद होता देख मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस विवाद बढ़ता देख दोनों पक्षों को सदर कोतवाली ले गई। सदर कोतवाली में काफी देर तक दोनों पक्षों में बातचीत चलती रही। सदर कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि दोनों पक्षों को कोतवाली बुला लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।