छिबरामऊ। कोतवाली से खजाने का बक्सा जमा करके लौट रहे खजांची से डाकघर के मुख्य गेट पर एक युवक ने मारपीट कर दी। पीड़ित खजांची ने थाने में तहरीर देकर मामले की जांच कराने और खजाने की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
नगर के उप डाकघर के खजांची जगदीश कुमार ने बताया कि सोमवार की देर शाम वह डाकघर का खजाने का बक्सा थाने में जमा करके डाकघर लौट रहे थे, उनके साथ पोस्टमैन राजीव मिश्रा भी थे। दोनों जैसे ही डाकघर के मुख्य गेट पर पहुंचे, तभी एक युवक चार पहिया गाड़ी से नीचे उतरा और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते आरोपी युवक वहां से भाग निकला। आशंका है कि खजाने को लाते-ले जाते समय कोई भी वारदात हो सकती है। खजांची ने पुलिस से मामले की जांच कराए जाने और खजाने की सुरक्षा के लिए सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। मारपीट की सूचना मिलते ही सिटी इंचार्ज विनय शर्मा मौके पर पहुंच गए। अब पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। इस संबंध में कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।