मेडिकल कालेज में भर्ती मरीजों का हालचाल लेते एसडीएम। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा (कन्नौज)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने रोडवेज बस में पीछे से टक्कर मार दी। इससे अनियंत्रित हुई बस डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में बस के चालक-परिचालक समेत तीन लोग घायल हो गए। इन्हें मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, जहां दो की हालत गंभीर होने पर उन्हे सैफई रेफर कर दिया गया।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे होते हुए दिल्ली से गोरखपुर जा रही रोडवेज बस जैसे ही कोतवाली क्षेत्र के 196 किलो मीटर कट पर पहुंची तो पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे अनियंत्रित हुई बस डिवाडर में जा टकराई। मौका पाकर चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। बस में करीब 16 यात्री थे।
हादसे में चालक जनपद शामली के थाना बाबरी आदगपुर निवासी प्रवीन (51), बुलंदशहर के मगधमा गांव निवासी दिनेश (40) व परिचालक जनपद बस्ती के सोनहा थाना क्षेत्र के गसारी निवासी राजीव (42) गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलते ही एसडीएम राकेश कुमार त्यागी व कोतवाल नरेंद्र सिंह पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने सभी घायलों को मेडिकल भिजवाया और बस के यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर रवाना कर दिया।