छिबरामऊ। मोहल्ला बिरतिया स्थित नगर पालिका के तालाब पर रात के अंधेरे में भू माफिया ने मिट्टी डलवाकर कब्जे का प्रयास शुरू कर दिया। मोहल्ले के लोगों ने अवैध कब्जे की शिकायत डीएम से कर दी। डीएम के निर्देश पर पहुंचे एसडीएम ने पैमाइश कराने के साथ ही पालिका की जमीन से मिट्टी को हटवाने व भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मोहल्ला बिरतिया में वर्षों पुराना तालाब है। इस तालाब की भूमि नगर पालिका की है। मंगलवार की रात कुछ भू माफिया ने कब्जे की नीयत से मिट्टी डलवाकर तालाब को समतल कराना शुरू कर दिया। बुधवार सुबह मोहल्ले के लोगों में तालाब में मिट्टी पड़ी देख डीएम एसडीएम राकेश कुमार मिश्रा से शिकायत की। डीएम के निर्देश पर दोपहर बाद एसडीएम अशोक कुमार, नायब तहसीलदार दीपक गौतम व ईओ सुरेंद्र केसरवानी मौके पर पहुंच गए। निरीक्षण के बाद उन्होंने राजस्व टीम को पैमाइश कराने तथा ईओ को जांच कर तालाब में डलवाई गई मिट्टी को हटवाने व भू माफिया के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।