कन्नौज। केबल से कटिया डालकर बिजली जलाने को लेकर हुए विवाद के बाद बहन-भाई ने पड़ोसी के बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी थी। शनिवार की रात करीब नौ बजे बच्चे को अगवा कर आरोपियों ने पिटाई की थी। इसके बाद मुंह और गला दबाकर मौत के घाट उतार कर शव फेंक दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे के शरीर में चोटों के 14 निशान मिले हैं। पुलिस ने आरोपी भाई-बहन को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की है।
तालग्राम कस्बा के टीला मोहल्ला निवासी साहिबा और उसके भाई बादशाह ने पड़ोसी रईस उर्फ करिया के छह वर्षीय बच्चे उबैस को खेलते समय अगवा कर लिया था। इसके बाद हत्या कर शव को कब्रिस्तान में फेंक दिया था। यह देखकर स्थानीय लोगों ने साहिबा और बादशाह को पकड़ कर पीट दिया था, जबकि बादशाह ने ब्लेड से हाथों की नसें काट ली थीं। रविवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उबैस के शरीर पर 14 चोटों के निशान मिले हैं, जबकि मुंह और गला दबाने से हत्या करने की पुष्टि हुई। पुलिस ने हत्यारोपी भाई और बहन से पूछताछ की। इस दौरान आरोपियों ने बताया कि बकाया भुगतान के कारण बिजली विभाग ने उनका कनेक्शन काट दिया था। वे पड़ोसी रईस की केबल से बिजली जला रहे थे। रईस ने कटिया हटाकर फेंक दिया था। इस पर विवाद हो गया था। रईस के बेटे उबैस ने छत से डंडा दिखा रहा था। इसी से आक्रोशित होकर उन्होंने उसकी हत्या कर दी। एसपी प्रशांत वर्मा का कहना है कि हत्यारोपी भाई-बहन ने बिजली की कटिया डालने को लेकर हुए विवाद के बाद हत्या करने का मामला सामने आ रहा है।
बादशाह पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज
थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि हत्यारोपी बादशाह शातिर चोर है। कई मंदिरों में उसने चोरी की है। तालग्राम और मैनपुरी जनपदों के थानों पर उस पर छह मुकदमे दर्ज हैं। पड़ोसियों के मुताबिक हत्यारोपी भाई-बहन अक्सर साथ में बैठक कर शराब से लेकर कई तरह का नशा करते हैं।