तिर्वा। कमरे में विवाहिता का शव मिलने के बाद मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। ससुराल पक्ष के लोग शव छोड़कर भाग निकले। पोस्टमार्टम में फांसी लगाने से मौत होने की पुष्टि हुई है। शरीर पर कुछ चोटों के भी निशान भी पाए गए हैं।
जनपद फर्रुखाबाद के थाना राजेपुर क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी सुरेंद्र ने बेटी पिंकी (36) की शादी करीब 15 वर्ष पूर्व कोतवाली क्षेत्र के अहेर गांव निवासी रामनरेश के साथ की थी। रामनरेश दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। बुधवार सुबह सुरेंद्र को पिंकी की मौत की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर देखा कि पिंकी का शव पड़ा था। उसका पति और परिवार के लोग फरार हो चुके थे। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों ने पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम में पिंकी की मौत की वजह फांसी लगाना सामने आई है। उसके शरीर में करीब पांच चोटों के निशान भी पाए गए हैं।
एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मृतका के पिता ने बताया कि रामनरेश के एक महिला से अवैध संबंध हैं। इसको लेकर कई बार पंचायत हुई। इसका विरोध करने पर रामनरेश और उसके परिवार के लोगों ने बेटी की हत्या कर दी।
बेटे ने बयां की बर्बरता
पिंकी के 14 वर्षीय पुत्र सनी ने बताया कि उसने अपनी मां से खाना बनाने की बात कही थी। मां खाना बना रही थी। इसी दौरान रामनरेश, दादा, दादी, चाचा-चाची, बुआ और फूफा ने मां की पिटाई शुरू कर दी। आशंका है कि ससुरालियों की पिटाई से आहत होकर पिंकी ने फांसी लगा ली।