कन्नौज। शासन स्तर से महामारी के संक्रमण से बच्चों को बचाने के लिए लगातार प्रयास शुरू हैं लेकिन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ही शासन की मंशा पर पानी फेरते नजर आ रहे हैं। जिले में बुधवार को टीकाकरण अभियान के पहले दिन महज 19 बच्चों को टीका लगा। वजह, अभिभावकों को ऐसे किसी अभियान की जानकारी ही नहीं थी। नतीजतन शिविर के शुभारंभ के दौरान अधिकारियों को कोई बच्चा टीकाकरण के लिए नहीं मिला। हालांकि बाद में डॉक्टर आरके गुप्ता बेटे आकाश को लेकर पहुंचे। इसके बाद अभियान का शुभारंभ हुआ।
बच्चों को कोरोना की गिरफ्त से बचाने के लिए विनोद दीक्षित चिकित्सालय में विशेष टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया गया है। शासन के निर्देश पर बुधवार को अभियान में 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए कोर्बेवैक्स वैक्सीन लगाई गई। डीएम राकेश कुमार मिश्रा ने सीएमओ डॉक्टर विनोद कुमार के साथ अभियान का शुभारंभ किया।
सीएमओ ने बताया कि शासन की ओर से जिले में 12 से 14 आयु वर्ग के 70 हजार बच्चों को कोर्बेवैक्स का टीका लगाया जाएगा। होली के बाद अभियान को गति देने के लिए सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में शिविर लगाकर बच्चों को कोरोना रोधी डोज दी जाएगी। इससे बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी और वह संक्रमण को दूर रखने में पूरी तरह सक्षम होंगे। प्रथम डोज लेने वाले बच्चे को 28 दिन बाद दूसरा डोज लगाई जाएगी।
तत्काल होगा पंजीकरण, लगेगा टीका
वैक्सीन लगवाने के लिए अभिभावकों को ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद टीकाकरण शिविर में तत्काल पंजीकरण भी किया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि आधार कार्ड दिखाने पर पंजीकरण किया जाएगा। इसके बाद टीका लगाया जाएगा।
बेटे को लगा टीका, अब नहीं कोरोना का खतरा
शहर के पाठकाना मोहल्ला निवासी शासकीय अधिवक्ता संतकुमार दुबे ने टीकाकरण दिवस के पहले दिन बेटे सौर्य दुबे को कोरोना रोधी टीका लगवाया। उन्होंने कहा कि बेटे को टीका लग गया है। अब कोरोना का खतरा नहीं रहा।