कन्नौज। सरायमीरा क्षेत्र में चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये कीमत के जेवर व नकदी पार कर दी। गृहस्वामी ने कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ चोरी की तहरीर दी है।
क्षेत्र में स्थित सैनिक कालोनी निवासी आशीष कुमार मिश्र ने बताया कि सोमवार को परिवार के लोग कानपुर गए हुए थे। देर रात चोरों ने घर के ताले तोड़कर करीब सात लाख के जेवरात व 20 हजार की नकदी पार कर दी। चोरी की जानकारी घर पर रहने वाले किरायेदार ने दी। आशीष ने मंगलवार को सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।