कन्नौज। क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार को दो लोगों ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। मरने वालों में एक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। जबकि एक युवक ने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोचीपुर गांव निवासी रविंद्र नाथ मिश्रा (58) घरेलू कलह से परेशान थे। उन्होंने सुबह मानीमऊ रेलवे स्टेशन के पास मोचीपुर क्रासिंग पर अनवरगंज फर्रुखाबाद ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। ग्रामीणों के मुताबिक रविंद्र के बड़े बेटे गोविंद ने भी सोमवार को जहर खा लिया था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है।
इधर, शहर के हरदेव गंज निवासी अंकित सैनी ने सोमवार की रात घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार की सुबह परिजनों को उसे कमरे में पंखे से लटकता देखा और पुलिस को सूचना दी। अंकित के खुदकुशी करने की वजह पुलिस और परिवार के लोग नहीं बता सके हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, पीएसएम डिग्री कॉलेज के पास ट्रेन से कटकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मरने वाले की पहचान कराने का प्रयास किया। सफलता न मिलने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि वृद्ध ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दी है। थाना प्रभारी के मुताबिक नियमानुसार 72 घंटे तक शव को शिनाख्त के लिए रखा जाएगा। देर शाम वृद्ध की शिनाख्त
शहर के मकरंदनगर क्षेत्र के नई कालोनी युसुफपुर भगवान मोहल्ले के रहने वाले आशुतोष दुबे (73) के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।