कन्नौज। डीजे संचालक की हत्या के बाद से फरार दो हत्यारोपियों ने समझौता न करने पर मृतक के पिता को मार डालने की धमकी दी है। पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
गुरसहायगंज कोतवाली के गांव द्वारिकापुर निवासी रामलखन ने शुक्रवार को एसपी प्रशांत वर्मा को प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि उनका बेटा नीतेश उर्फ उदयवीर डीजे संचालक था। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्यारह दिसंबर 2021 को लालू उर्फ सुमित, कुलदीप उर्फ केडी, छविनाथ, अनुज और कुलदीप कुमार ने नीतेश की हत्या कर दी। पुलिस ने छविनाथ, अनुज और कुलदीप को जेल भेजा। जबकि लालू उर्फ सुमित और कुलदीप उर्फ केडी अभी फरार हैं। यह लोग मुकदमा में समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। दोनों ने धमकी दी है कि यदि मुकदमे में समझौता न किया तो बेटे की तरह उसकी भी हत्या कर दी जाएगी। एसपी प्रशांत वर्मा ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने का आश्वासन दिया।