चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा। एक ही रात बेखौफ चोरों ने फौजी समेत चार घरों को निशाना बनाया। एक के बाद एक घर में घुसकर 15 लाख रुपये के जेवर और नकदी पार कर दी। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
कस्बा के गांधीनगर निवासी किरन यादव के पति राजेश कुमार सेना में जवान हैं। वह घर में अकेले रहती हैं। बुधवार शाम को किरन यादव कन्नौज में रहने वाले रिश्तेदार के घर गईं थीं। इस दौरान रात में चोरों ने ताला तोड़ दिया। इसके बाद घर में रखे 60 हजार रुपये और पांच लाख के जेवर पार कर दिए।
वहीं हरिहरपुर गांव निवासी गंगाराम के घर में दाखिल होकर चोरों ने 40 हजार रुपये और चार लाख का जेवर पार कर दिए। इसके बाद चोरों ने गांधीनगर निवासी दीपू के घर का ताला तोड़कर बक्से में रखे 15 हजार रुपये और तीन लाख के जेवर पार कर दिए। राजकुमार के घर में चोरों ने घुसकर 10 हजार रुपये और डेढ़ लाख का सामान चोरी किया। पीड़ित लोगों ने पुलिस को तहरीर दी है। सीओ दीपक दुबे का कहना है कि जल्द चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।