कुलपहाड़ (महोबा)। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में बम्हौरी गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार कोटेदार की मौत हो गई जबकि साथी गंभीर घायल हो गया। जिसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और एक की जान चली गई।
कुलपहाड़ तहसील के सुगिरा गांव निवासी फूलचंद्र साहू (58) की गांव में सरकारी राशन की दुकान है। रविवार की शाम वह अपने साथी बाबूलाल साहू (53) के साथ बाइक से राशन की दुकान के लिए इलेक्ट्रानिक कांटा खरीदने महोबा आया था। देर रात लौटते समय ट्रैक्टर दोनों घायल हो गए। राहगीरों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुलपहाड़ पहुंचाया। जहां से डॉक्टरों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। फूलचंद्र की झांसी में उपचार दौरान मौत हो गई जबकि बाबूलाल के हाथ में फ्रैैक्चर होने पर उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है।