जलालाबाद (कन्नौज)। दिल का दौरा पड़ने से जिला जेल अनौगी में तैनात मुख्य बंदी रक्षक की मौत हो गई। इससे जेल प्रशासन में शोक की लहर दौड़ गई। जेल प्रशासन ने सम्मान पूर्वक अंतिम विदाई देते हुए शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
फर्रुखाबाद जनपद के थाना मोहम्मदाबाद के गांव जाजपुर गोवा निवासी करीब 60 वर्षीय श्याम सिंह यादव जिला जेल अनौगी में मुख्य बंदी रक्षक के पद पर तैनात थे। स्वास्थ्य बेहतर न होने के कारण हेड बार्डर स्कीम के तहत 18 अगस्त 2015 में लखनऊ जेल से उन्हें जिला जेल कन्नौज में तैनात किया गया था। बुधवार सुबह करीब पांच बजे ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पड़ गया। इससे जेल प्रशासन ने उन्हें जेल अस्पताल के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से चिकित्सकों ने ह्दय रोग संस्थान कानपुर के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में उनकी मौत हो गई। जेल अधीक्षक विष्णुकांत मिश्रा, जेलर शिवकुमार यादव, राजेश यादव, पकंज कटियार ने उन्हें अंतिम विदाई दी। इसके बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।