दिवाली पर्व को शांतिपूर्वक मनाने को सोमवार को सदर
कोतवाली में डीएम और एसपी ने शांति कमेटी की बैठक ली और संभ्रांत लोगों के
साथ वार्ता कर शहर में अमनचैन का माहौल बरकरार रखने का आह्वान किया और
एक-दूसरे को मिल जुलकर जीने का संदेश दिया गया।
सोमवार को दोपहर के समय
सदर कोतवाली में आयोजित हुई शांति कमेटी के दौरान सबसे पहले अधिकारियों ने
मौजूद लोगों से शहर के हालातों पर जानकारी ली। इस दौरान पूर्व एसपी जेएन
यादव ने कहा कि शहर के लोग छोटी-छोटी बातों को गंभीरता से न लें। अपने
बच्चों को भाईचारे के साथ रहने की सलाह दें।
यदि कोई बात हो तो उसकी सूचना
पुलिस व प्रशासनिक अफसरों को दें, ताकि समस्या का समाधान कराया जा सके।
गुड्डू सक्सेना, राष्ट्रपति से सम्मानित टीचर अहमद खान ने कहा कि शहर में
जुआं और स्मैक पर रोक लगाई जाए। इससे अपराध बढ़ रहा है। जुलूसों में डीजे
पर पूरी तरीके से रोक लगाई जाए।
संभ्रांत लोग बेरोजगार लोगों को समझाकर सही
राह दिखाएं। उन पर नजर रखें, ताकि बच्चों का भविष्य बेहतर हो सके। बाद
में डीएम और एसपी ने कहा कि पर्व को भाईचारे के साथ मनाएं। यदि किसी भी
तरह की सूचना उन्हें मिले तो सीधे पुलिस व प्रशासनिक अफसरों को मोबाइल पर
बताएं। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
उन्होंने शहर की अन्य समस्याओं पर भी
चर्चा की। ईओ पालिका बीडी भट्ट व बिजली विभाग के अफसरों को निर्देश दिए कि
शहर में पर्व पर सफाई व्यवस्था बेहतर रखी जाए। पानी की आपूर्ति समय पर की
जाए। बिजली की कटौती न की जाए। जिन स्थानों पर तार ढीले हों उन्हें दुरुस्त
किया जाए।
चौराहों पर लगी लाइटों को दुरुस्त रखा जाए। इस मौके पर विधायक
अनिल दोहरे, एनसी टंडन, रामजी अग्रवाल, मेहराज बानो, कौशर खां, कोतवाल
गिहार, अमित मिश्रा, नन्हूं खां, बनवारी लाल गुप्ता, मनोज दीक्षित ननकू,
शहाबुद्दीन आदि मौजूद थे।