कन्नौज। कोरोना संक्रमण की वजह से जो काम अधूरे पड़े हैं, उसमें तेजी लाकर उन्हें शीघ्र पूर्ण कर लिया। इस कार्य में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह बातें सीडीओ आरएन सिंह ने विकास भवन सभागार में आयोजित विकास समीक्षा बैठक में कही।
उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचते हुए विकास कार्यों में तेजी लाएं। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत छूटे 67 आवासों को जल्द पूरा करें। अधूरे शौचालय समेत अन्य कार्यों को गुणवत्तापरक पूरा करें। आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को थर्मल स्कैनर दिया गया है, वह घर-घर जाकर सभी परिवारों से पड़ताल करें।
इसमें यह देखे कि अगर किसी प्रकार में कोई व्यक्ति कोरोना संदिग्ध है तो उसका सैंपल कराए। बताया कि इसके लिए सभी को 10 दिन का समय दिया गया है। 10 दिन में प्रत्येक घर पर जाकर सत्यापन करना है। सीडीओ ने इस कार्य में बीडीओ व एडीओ पंचायत को सख्त निर्देश दिए। इस मौके पर डीडीओ एनबी सविता समेत कई बीडीओ मौजूद रहे।
छह पीआरडी जवानों की मांग : सीडीओ ने बताया कि विकास भवन में चार निवास द्वार है। इसमें एक पर कोविड-19 हेल्प डेस्क बना दी गई है। यहां हर आने-जाने वाले की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि अन्य तीन गेट पर लोग चोरी-छिपे न घुस सके। इसके लिए प्रत्येक गेट पर दो पीआरडी जवानों की तैनाती करने के लिए संबंधित विभाग से मांग की गई है।