कन्नौज। आढ़ती और पत्नी के साथ लूटपाट और पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने के प्रयास में आरोपी फर्रुखाबाद के बसपा नेता अनुपम दुबे को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच मैनपुरी जेल से अदालत परिसर लाया गया था। यहां एंटी डकैती फास्ट ट्रैक कोर्ट सेकेंड में बयान दर्ज किए गए।
चार फरवरी 2020 को छिबरामऊ के बस्तीराम मोहल्ले में रहने वाले आढ़ती राजेश चौहान, इनकी पत्नी राधा देवी के साथ विशुनगढ़ रोड काली मठिया के पास दो लाख रुपये और जेवरों की लूट हुई थी। इस दौरान लुटेरों ने दोनों पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया था। 28 सितंबर 2021 को राजेश चौहान ने छिबरामऊ कोतवाली में फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कस्बे के मोहल्ला कसरट्टा निवासी बसपा नेता अनुपम दुबे, अनुराग दुबे, जीतू दुबे, ब्लाक प्रमुख अमित दुबे, विशुनगढ़ रोड रामपुर बैजू निवासी रत्नेश दुबे, सुमित दुबे, अमित दुबे, शांतनु दुबे, धर्मेंद्र दीक्षित, धर्मेंद्र वर्मा, धर्मेंद्र गुप्ता, देवेंद्र यादव व चार अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मंगलवार को छिबरामऊ कोतवाली पुलिस ने आढ़ती और इनकी पत्नी के साथ लूटपाट व हत्या के प्रयास के मामले में मैनपुरी जेल से एंटी डकैती फास्ट ट्रैक कोर्ट सेकेंड में पेश किया। यहां जज ने अनुपम के बयान दर्ज किए। बयानों के बाद पुलिस कड़ी सुरक्षा में मैनपुरी जेल ले गई।
ट्रेन के अंदर गोली मारकर हत्या का भी आरोप
बसपा नेता पर 14 मई 1996 को जीआरपी निरीक्षक रामनिवास यादव की अनवरगंज में ट्रेन के अंदर गोली मारकर हत्या कर देने का आरोप है। इस वारदात में बसपा नेता अनुपम दुबे का नाम प्रकाश में आया था। पीडब्ल्यूडी ठेकेदार शमीम की हत्या में भी नाम है। फतेहगढ़ में रहने वाले दो भाइयों की हत्या कर दी गई थी। इसमें भी नाम आया था। बसपा नेता पर 43 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। रासुका की कार्रवाई की गई है।
बाकी की नहीं हुई गिरफ्तारी, दे रहे धमकी
आढ़ती राजेश चौहान ने बसपा नेता अनुपम दुबे समेत 12 नामजद और चार अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। राजेश चौहान ने बताया कि मुख्य आरोपी बसपा नेता पहले से जेल में है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे आरोपी खुलेआम धमकी दे रहे हैं। आरोपी शातिर अपराधी हैं। घर के सामने आकर धमकी देते हैं। वह एसपी को इसकी जानकारी दे चुके हैं।