जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में जांच कराते मरीज। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज/ तिर्वा। बुखार से भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई। वहीं राजकीय मेडिकल कालेज से आई एलाइजा रिपोर्ट में चार डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। जिले में बुखार से मरने वालों की संख्या अब 98 हो गई है।
मौसम में परिवर्तन के साथ डेंगू के मरीजों की संख्या में गिरावट आने लगी है। राजकीय मेडिकल कालेज से सोमवार को आई एलाइजा रिपोर्ट में डेंगू के चार मरीज मिले। वहीं जिला अस्पताल की ओपीडी में 738 लोगों ने पंजीकरण कराया। इसमें 29 मरीज बुखार से पीड़ित मिले। डॉक्टरों ने बुखार से पीड़ित दो मरीजों की रैपिड किट से जांच कराई। सभी सामान्य मिले। अभी तक एलाइजा जांच में डेेंगू के 1175 मरीज मिल चुके हैं। रैपिड किट से जांच में 471 डेेंगू पॉजिटिव सामने आए हैं।
वहीं कस्बे के शास्त्रीनगर मोहल्ले के भाजपा कार्यकर्ता मयंक शर्मा(30) को एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। परिजनों ने कानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां रविवार रात मौत हो गई। शव घर आते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि मयंक की मौत डेंगू के कारण हुई है। इलाज के दौरान जांच में पुष्टि की गई थी।