कन्नौज। रंजिश में खेत से लौट रहे दो भाइयों पर पड़ोसियों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला नखासा निवासी कुलदीप अपने भाई धीरज के साथ शनिवार शाम पुरानी पुलिस लाइन कांशीराम कालोनी के पास खेतों की ओर गया था। शाम करीब छह बजे लौटते समय पड़ोसी विजय कृष्ण मिश्रा, विशाल मिश्रा और शुभम मिश्रा ने धारदार हथियारों से हमला कर दोनों को घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित के छोटे भाई नीरज मिश्रा की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सदर कोतवाल आलोक कुमार दुबे ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।