ठठिया (कन्नौज)। चलती बाइक के दौरान घरेलू बात को लेकर सास और बहू में धक्का मुक्की हो गई। इससे दोनों बाइक से गिरकर जख्मी हो गईं। चोट लगने के बाद भी दोनों में तकरार कम नहीं हुई। राहगीरों ने किसी तरह से समझा-बुझाकर सास-बहू को अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
कानपुर देहात रसूलाबाद निवासी राहुल साले हरदोई पूरनमऊ निवासी शैलेंद्र की मौत हो जाने पर अपनी पत्नी शीला, मां गीता देवी और दो वर्षीय पुत्री लाडो के साथ ससुराल गया था। वहां से राहुल गुरुवार को घर लौट रहा था। रास्ते में ठठिया के पास सुर्सी मार्ग पर सास और बहू के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों चलती बाइक में धक्का मुक्की करने लगीं। इस बीच राहुल ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन तब बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। सड़क पर गिरने से सास और बहू घायल हो गईं। हादसे के बाद चोट लगने पर भी सास-बहू का झगड़ा चलता है। दोनों के झगड़े को सुनकर राहगीरों की भीड़ लग गई। इसके बाद किसी तरह लोगों ने समझा बुझाकर दोनों को शांत किया और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।