तालग्राम। जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में गुरुवार दोपहर लाठियां चल गईं। इस दौरान दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है।
थाना क्षेत्र के मझपुर्वा गांव निवासी विमलेश(28) ने बताया कि शुक्रवार दोपहर उसके परिवार की महिलाएं जमीन पर गोबर के ओपले बना रही थीं। गांव की सीमा भी उसकी जगह में गोबर के ओपले बनाकर रखने लगी। इस बात को लेकर महिलाओं में विवाद हो गया। उसके बडे़ भाई ने पहुंच कर जमीन बांट कर ईंटें गड़ा कर मामला शांत कर दिया। कुछ देर बाद सीमा, सतेंद्र, हरेंद्र, नरेंद्र के साथ आए और दरवाजे पर बैठे भाई अखिलेश (35) और अरविंद (32) के साथ गाली गलौज करते हुए लाठी डंडों से मारपीट करने लगे। शोर सुन वह भी भाइयों को बचाने पहुंचा तो उसके ऊपर भी हमला कर दिया। इससे तीनों भाई घायल हो गए।
दूसरी पक्ष के सतेंद्र ने मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाते हुए विमलेश और उनके खिलाफ तहरीर दी है। घायलों को सीएचसी भर्ती कराया गया है। जहां से अखिलेश को डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। थाना प्रभारी कमल भाटी का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी भेजा गया है।