छिबरामऊ। अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कपूरपुर गांव के पास पिकअप की टक्कर से बाइक सवार घायल हो गया। वहीं, फर्रुखाबाद रोड पर मोपेड फिसलने से राजमिस्त्री घायल हो गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हाथिन गांव निवासी समीर अली(27) छिबरामऊ की एक प्लाई बोर्ड की दुकान पर काम करता है। शनिवार की रात लगभग 9:30 बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। कपूरपुर गांव के पास पीछे से आ रही पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में समीर गंभीर रूप से घायल हो गया। वह हेलमेट लगाए था। समीर को सौ शय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से तिर्वा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।
उधर, नगर के चौधरियान निवासी राजमिस्त्री शैलू (50) रविवार की सुबह मोपेड से बहोरिकपुर गांव जा रहा था। फर्रुखाबाद रोड पर अचानक मोपेड के सामने कुत्ता आ गया, उसे बचाने में मोपेड फिसलने से वह गिरकर घायल हो गया। परिजनों ने उसे सौ शय्या अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में फर्रुखाबाद के निजी चिकित्सालय ले गए।