कन्नौज/मानीमऊ। मानीमऊ रेलवे स्टेशन के सामने जीटी रोड पर गुरुवार को दो बाइकों की टक्कर में बाइक सवार भाई-बहन की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में दिवाली की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं हादसे में घायल दो अन्य बाइक सवारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव गुनाह निवासी किसान राजेश कटियार की बेटी प्रीती (21) की गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। भाई कृपा शंकर उर्फ कन्हैया (26) बाइक से बहन को दवा दिलाने के लिए बिल्हौर कानपुर जा रहा था। मानीमऊ रेलवे स्टेशन के सामने जीटी रोड पर पहुंचते ही दंदौरा गांव निवासी हृदेश उर्फ बउआ और राजेश कुमार निवासी मानीमऊ की बाइक से टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि कन्हैया और उसकी बहन प्रीती बाइक के साथ लगभग 50 मीटर तक घिसटते चले गए। सूचना मिलते ही कोतवाल आलोक कुमार दुबे ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टरों ने कन्हैया और उसकी बहन प्रीती को मृत घोषित कर दिया। हादसे का शिकार हुए बाइक सवारों के पास पुलिस को हेलमेट नहीं मिला। घायल हृदेश की हालत नाजुक देखते कानपुर रेफर कर दिया गया है। राजेश को मामूली चोट लगी है।