छिबरामऊ। ससुराल से घर लौटकर जा रहे युवक की बाइक नींद की झपकी आने से खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए। तीनों घायलों को गंभीर हालत में सौ शय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने राजकीय मेडिकल कालेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया।
क्षेत्र के ग्राम कुंअरपुर बनवारी निवासी सद्दाम हुसैन (25) पुत्र मो. हनीफ पत्नी महरुनिशा (23) व मौसा बली मोहम्मद (60) के साथ बाइक से रविवार को ससुराल एरवा कटरा जिला औरैया से लौटकर घर आ रहा था। उसकी बाइक सौरिख रोड पर खोजीपुर गांव के सामने पहुंची, तभी चालक सद्दाम हुसैन को झपकी आ गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर रोड पर खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में दंपती व मौसा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
घायलों को सौ शय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कालेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया गया। बाइक चला रहे सद्दाम हुसैन ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे उसके सिर व चेहरे पर भी चोटें आई हैं।