तालग्राम(कन्नौज)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के 176 किलोमीटर पर सड़क धंस गई। बुधवार को कैबिनेट मंत्री सतीश महाना को लखनऊ से मथुरा जाना था। इसकी जानकारी पर यूपीडा गड्ढे को भरने में देर रात से ही जुट गई। दोपहर के समय मंत्री का काफिला वर्क साइट पर नहीं रुका तो अधिकारियों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि सड़क धंसने से कोई हादसा नहीं हुआ। फिलहाल धंसने वाली लेन से यातायात को रोक दिया गया है।
मंगलवार रात वाहन चालकों ने एक्सप्रेसवे के 176 किलोमीटर पर पानी निकासी नाली के समीप सड़क को धंसा देखा। इसकी जानकारी यूपीडा के गश्ती दल को दी गई। कुछ यात्रियों ने टोल प्लाजा पहुंचकर कर्मचारियों को सड़क धंसने की जानकारी दी। इसके बाद इफ्कान कंपनी के कर्मचारी व अभियंता जान मैथू मौके पर पहुंचे।
आनन-फानन में गड्ढा भरने का काम शुरू करा दिया गया। गड्ढा करीब 20 फीट लंबा और करीब इतना ही गहरा था। अभियंता ने बताया 19 ट्राली मिट्टी व गिट्टी भरने के बाद गड्ढा बंद हो पाया है। यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी एके दुबे ने बताया कि पानी के रिसाव से होल हो गया था। इफ्कान कंपनी के कर्मचारियों को लगाकर सही करा दिया गया है। संबंधित लेन से वाहन को रोक दिया गया है। इससे कुछ दिन पहले 180 किलोमीटर पर अमोलर अंडर पास के ऊपर एक्सप्रेसवे धंस गया था। इसमें दरार पड़ गई थी। इससे तेज गति से निकलने वाले वाहन उछाल लेने लगे थे।
अभी दो लेन पर ही चल सकेंगे वाहन
लखनऊ से आगरा जाने वाले वाहन अब तीन के बजाय दो लेन पर ही चल सकेंगे। इफ्कान कंपनी ने गड्डे को तो बंद करा दिया है। इसके बाद भी सतर्कता बरती जा रही है। जांचा जा रहा है कि कहीं सड़क दोबारा तो नहीं धंस रही है। इससे गति अवरोध लगाकर यातायात रोक दिया गया है।