तिर्वा (कन्नौज)। बीआरसी तिर्वा में बुधवार को दोपहर आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसियेशन के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें चेतावनी दी गई कि होली से पहले आर्थिक जनगणना का मानदेय न मिला तो सरकारी कार्य में सहयोग नहीं करेंगे। इस बाबत तहसीलदार को ज्ञापन भी दिया गया।
बैठक में ब्लाक अध्यक्ष विनय मिश्रा ने कहा कि शिक्षामित्र, शासन व प्रशासन द्वारा दिए गए दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करते हैं। इसके बावजूद उन्हें अतिरिक्त कार्यों का भुगतान समय से नहीं किया जाता है। जिला उपाध्यक्ष यूसुफ वारसी ने कहा कि पोलियो अभियान का मानदेय 75 रुपए से बढ़ाकर 145 रुपये किया जाए। सुपरवाइजरों का मानदेय 175 से 300 रुपये किया जाए। बीएलओ का मानदेय होली से पहले दिलवाया जाए।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष प्रमोद यादव ने कहा कि शिक्षामित्रों की मांग का प्राथमिक शिक्षक संघ समर्थन करता है। बैठक के बाद शिक्षामित्रों के प्रतिनिधिमंडल ने तहसील जाकर तहसीलदार अवधेश कुमार श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। तहसीलदार ने भरोसा दिलाया कि उनका ज्ञापन जिलाधिकारी को भेज दिया जाएगा।