कन्नौज। बकायेदारों के लिए बिजली विभाग ने एक मुश्त समाधान योजना शुरू की है। योजना के तहत अप्रैल 2022 तक के बकाया बिजली बिलों पर लगा ब्याज माफ किया जाएगा। खास बात यह है कि सभी 1.80 लाख बकायेदार उपभोक्ता ओटीएस में पंजीकरण करा लें तो 87.44 करोड़ रुपये ब्याज से बच सकेंगे।
यूपीपीसीएल की ओर से एक मुश्त समाधान योजना शुरू की गई है। एक जून से 30 जून तक घरेलू, नलकूप और पांच किलोवाट तक के कॉमर्शियल उपभोक्ता के बिल पर लगे ब्याज पर सौ फीसदी तक छूट दी जा रही है। शहरी उपभोक्ता के बिल पर 11.98 करोड़ रुपये, ग्रामीण घरेलू और नलकूप पर 26.68 करोड़ रुपये का ब्याज लगा है। एक्सईएन शादाब अहमद ने बताया कि एकमुश्त समाधान योजना का सभी बकायेदारों को आगे आकर लाभ उठाना चाहिए।
32 बिजली घरों पर लगेंगे दो-दो काउंटर
ओटीएस का लाभ ज्यादा से ज्यादा बकायेदार उपभोक्ताओं को मिले, इसके लिए यूपीपीसीएल की ओर से जिले के 32 बिजली घरों पर दो-दो काउंटर खोले जाएंगे। सोमवार से सभी बिजली घर में काउंटर खुलेंगे। इसके अलावा गांव में कैंप लगाकर बकायेदारों को योजना का लाभ दिलवाया जाएगा।