कंट्रोलरूम में मशीनों पर लटके रोस्ट्रिंग के बोर्ड।
- फोटो : अमर उजाला
पनकी (कानपुर) छिबरामऊ 220 केवी लाइन का एक तार टूटने से दो जिलों कन्नौज और फर्रूखाबाद की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई है। ग्रिड फेल होने से बचाने के लिए शक्ति भवन लखनऊ को अवगत करा दिया गया है। साथ ही इंजीनियरों की एक टीम इसे सही करने में लगी हुई है। फिलहाल मैनपुरी स्थित 220 केवी से बिजली लेकर रोस्टर से दो-दो घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है।
विद्युत पारेषण खंड के एसडीओ एसके सरल ने बताया कि पनकी छिबरामऊ 220 केवी लाइन का वोल्टेज मंगलवार को काफी कम मात्र 188 वोल्ट था। शाम को बिल्हौर के पास टावर नं.126 व 127 के बीच एक तार अचानक टूट गया। तार के खिंचाव से टावर के क्रास आर्म भी डैमेज हो गए। तार टूटते ही पनकी से आटोमेटिक ब्रेक डाउन हो गया और दोनों जिलों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। पता चलते ही 220 केवी मैनपुरी से संपर्क साधा गया और वहां से बिजली लेकर रोस्टर से 2-2 घंटे आपूर्ति देने की व्यवस्था की गई।
कन्नौज के जेई दिनेश कुमार के साथ वह खुद भी बिल्हौर गए थे और मौके का निरीक्षण किया था। उन्होंने बताया कि अलीगढ़ से टीम मरम्मत और तार जोड़ने के लिए आ रही है। यह टीम गुरूवार को काम शुरू करेगी। उम्मीद है कि गुरूवार की देर रात दोनों जिलों की विद्युत आपूर्ति बहाल हो जाएगी।