चयनित शिक्षक को नियुक्ति पत्र देते तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, साथ में डीएम राकेश कुमार मिश्र।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। प्रदेश में 69 हजार शिक्षक भर्ती के सापेक्ष शुक्रवार को तीसरे चरण के नियुक्ति पत्र बांटे गए। जनपद में 104 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इसमें 102 को नियुक्ति पत्र दिए गए। मुख्य अतिथि विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत ने जेपीएस प्रांगण में दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
भाजपा विधायक कैलाश राजपूत ने कहा कि शिक्षा हमें समाज में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है। बेसिक शिक्षा के शिक्षकों की भूमिका अहम होती है। उन्होंने कहा कि आज नियुक्त सभी शिक्षक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से सभी को लाभान्वित करें। बड़ी संख्या में जनपद में शिक्षक प्राप्त होने से शिक्षा विभाग को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनपद में 1484 नवनियुक्त शिक्षकों के बाद अब कोई भी विद्यालय अक्समात बंद नहीं होगा।
दो अभ्यर्थियों को नहीं मिले नियुक्ति पत्र
104 अभ्यर्थियों के चयन के बाद 102 को ही नियुक्ति पत्र दिए गए। दो अभ्यर्थियों का नियुक्ति पत्र अभिलेखों में गड़बड़ी की वजह से रोक दिया गया। वहीं नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों चेहरे खिल उठे। पहले चरण में 300 और द्वितीय चरण में 1082 को नियुक्ति पत्र मिल चुके हैं।
तीसरी लहर की आशंका से बरती गई सावधानी
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम हाल में किया गया था। तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर पूरी तरह से सावधानी बरती गई। अभ्यर्थियों को दूरी बनाकर बैठाने की व्यवस्था की गई थी। यहां विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत, महामंत्री राम सिंह कठेरिया, जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी केके ओझा व अन्य मौजूद रहे।