उत्तर प्रदेश में सौ सवालों के जवाब बेरोजगारों को रेलवे में नौकरी दिला सकते हैं। ग्रेड-पे 1800 रुपये वाली इन नौकरियों के लिए 90 मिनट में सौ सवालों को हल करना होगा।
लिखित परीक्षा में दिए गए जवाब सही हैं या नहीं, घर लौटने के बाद अभ्यर्थी अब इसकी परख भी कर सकेंगे।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रश्न पत्र पुस्तिका परीक्षा के बाद घर ले जाने की इजाजत दी जाएगी। अगली परीक्षा से यह बदलाव लागू किए जा रहे हैं।
ग्रेड-पे 1800 की भर्ती परीक्षाओं को आयोजित करने वाले रेलवे भर्ती सेल के मुखिया को अब चेयरमैन का पद दिया जाएगा। अभी उप मुख्य कार्मिक अधिकारी यह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
इसके साथ ही भर्ती परीक्षाओं के खर्चों के लिए परीक्षा शुल्क को बढ़ाकर 100 रुपये कर दिया गया है। रेलवे भर्ती बोर्ड की तरह रेलवे भर्ती सेल की परीक्षाओं के लिए भी अब मारामारी शुरू हो चुकी है।
भर्ती सेल हर साल ग्रेड-पे 1800 के लिए परीक्षाएं करा रहा है। जुलाई 2013 में नई रिक्तियों की घोषणा की तैयारी है। फिलहाल, रेलवे बोर्ड आरआरबी की तरह आरआरसी की भर्ती परीक्षाओं में भी चरणबद्ध तरीके से बदलाव शुरू कर चुका है।