अदालत में समर्पण करने आए लमही निवासी ओमप्रकाश मिश्रा उर्फ सोनू को शुक्रवार को कैंट पुलिस ने कचहरी चौराहा स्थित गोलघर के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से एक लाख रुपये बरामद हुए। सोनू के बड़े भाई झुन्ना पंडित पर एक लाख रुपये का इनाम था।
इन दिनों झुन्ना पंजाब की नाभा जेल में कैद है और कैंट पुलिस उसे बनारस लाने के प्रयास में जुटी है। सथवां के पूर्व ग्राम प्रधान राजेश पटेल के अपहरण व 50 लाख की रंगदारी मांगने और मढ़वा में दिव्यांग चाय-पान विक्रेता की हत्या व मजदूर की हत्या के प्रयास में झुन्ना पंडित के साथ ही उसका भाई सोनू भी वांछित था।
इंस्पेक्टर कैंट अश्वनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि सोनू अदालत में समर्पण करने जा रहा है। सूचना के आधार पर सोनू की घेरेबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सोनू ने पुलिस को बताया कि बरामद रुपये उसे ऐढ़े क्षेत्र का एक बिल्डर दिया था। सोनू से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अब उस बिल्डर की तलाश कर रही है।