झांसी। सांस्कृतिक विधाओं और परंपरागत लोक संस्कृति में रुचि रखने वाले ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 27 अक्तूबर को जनपद और 28 अक्तूबर को मंडल स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें लोकनृत्य, लोकगीत, एकांकी, बांसुरी वादन, तबला वादन, हारमोनियम वादन आदि शामिल हैं। प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें फिल्मी गीतों को शामिल नहीं किया जाएगा।
ग्रामीण प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। जिला युवा कल्याण अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जो युवा लोकनृत्य, लोकगीत, एकांकी, बांसुरी वादन, तबला और हारमोनियम वादन में रुचि रखते हैं, वह क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विशाल कुशवाहा से संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं। जिन युवाओं की आयु 15 से 29 वर्ष है, वह इसमें भाग ले सकते हैं। युवा उत्सव के नाम से होने वाली प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले कलाकारों को पुरस्कृत किया जाएगा।