लहचूरा थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वा का रहने वाला 43 साल का मानसिंह पटेल उर्फ पप्पू पुत्र दयाचंद लंबे समय से शराब का आदि था। उसके चचेरे भाई अरविंद पटेल ने बताया कि मानसिंह की शादी के दो साल बाद पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। वह लगभग बीस साल से अकेला रहता था और दिनरात शराब पीने का आदी हो गया था। इतना ही नहीं उसने अपना घरबार भी बर्बाद कर दिया था। परिजनों ने समझाया तो वह मऊरानीपुर के एक ढाबा पर काम करने लगा था।
चचेरे भाई ने बताया कि मंगलवार को मानसिंह ने अपने भतीजे के मोबाइल से उसे फोन कर कहा था कि वह अब जीना नहीं चाहता और अब जहर खाकर जान देने जा रहा है। अरविंद ने उसे समझाते हुए रोकने का काफी प्रयास किया लेकिन, वह नहीं माना और अलविदा कहकर फोन काट दिया। इसके बाद परिजन उसके घर पहुंचे और आनन-फानन मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया है।