झांसी-जालौन सीमा पर वाहन रोके जाने पर रविवार को मजदूरों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव में चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। शाम को बैरियर हटाने के बाद यातायात सुचारू किया गया।
झांसी-जालौन सीमा पर एट थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिरौना चौकी के पास जालौन पुलिस ने रविवार दोपहर 12 बजे बैरियर लगाकर मजदूरों के वाहनों को रोक दिया। इसके बाद हाईवे पर वाहनों की कतार लगने लगी। जाम में महाराष्ट्र से लौट रहे मजदूरों के वाहन फंसे रहे। इस दौरान मजूदर पुलिसकर्मियों से बात करने गए, तो पुलिसकर्मियों ने मजदूरों को लौटा दिया।
करीब शाम चार बजे मजदूरों का आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए मजदूरों ने पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। करीब 30 मिनट तक मजदूरों ने जमकर पत्थरबाजी की। पथराव होते ही सीमा पर अफरातफरी मच गई। वहीं पथराव में सिपाही नीतू कुमार समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने जालौन प्रशासन से वार्ता की, जिसके बाद बैरियर हटाकर यातायात सुचारु किया गया। वाहनों की आवाजाही शुरू होने के बाद भी घंटों वाहन फंसे रहे।