अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बड़ागांव के बराठा गांव में रामस्वरूप (62) ने शराब के लिए सौ रुपये न मिलने पर नाराज होकर जहर निगल लिया। अचेत हाल में परिजन उसे लेकर मेडिकल अस्पताल पहुंचे। शनिवार सुबह उसने दम तोड़ दिया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
परिजनों ने बताया कि रामस्वरूप खेती किसानी करता था। उसके शराब पीने की लत से परिवार के लोग भी परेशान रहते थे। शराब पीकर वह घर में मारपीट एवं झगड़ा करता था। इस वजह से परिवार के लोग उसे पैसे नहीं देते थे। बृहस्पतिवार शाम को उसने शराब पी। इसके बाद और शराब पीने के लिए सौ रुपये मांग रहा था। परिवार के लोगों ने पैसे नहीं दिए। इससे नाराज होकर उसने अपने कमरे में जाकर जहर निगल लिया। कुछ देर बाद जब उसका बेटा राकेश पहुंचा, तब वह अचेत हाल में पड़ा था। मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था।