झांसी। सीबीएसई 12वीं के परीक्षा परिणाम का छात्र-छात्राएं सुबह से इंतजार कर रहे थे। दोपहर दो बजे जैसे ही परीक्षा परिणाम जारी हुआ छात्र-छात्राएं खुशी से झूम उठे। सभी ने अपने-अपने साथियों को भी फोन कर बधाइयां दीं।
कोरोना संक्रमण के चलते इस बार सारे बोर्ड ने परीक्षाएं स्थगित कर दी थीं। ऐसे में दसवीं की बोर्ड, 11वीं की वार्षिक परीक्षा और 12वीं के प्री बोर्ड परीक्षा के आधार पर मिले अंकों के जरिए इस बार इंटरमीडिएट का रिजल्ट तैयार किया गया। झांसी में 2775 छात्र-छात्राएं इंटरमीडिएट में पंजीकृत थे। सीबीएसई के इंटरमीडिएट परिणाम में झांसी की मेधावियों ने शानदार प्रदर्शन किया और 99.99 फीसदी विद्यार्थी पास हो गए हैं। कइयों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद छात्र-छात्राएं अपने-अपने स्कूल भी पहुंचे। वहां उन्होंने शिक्षकों को मिठाइयां भी खिलाईं। जान-पहचान वाले दिनभर फोन करके छात्रों को बधाइयां देते रहे।