संवाद न्यूज एजेंसी
गरौठा। धसान और बेतवा नदी के किनारे बसे गांव बरमाईन, घटियारी व खरवांच में पिछले आठ दिनों से बिजली न आने से ग्रामीण परेशान हैं। आक्रोशित लोगों ने उपजिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि शासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली देने की घोषणा की है, लेकिन धसान व बेतवा नदी के टापू पर बसे गांवों की आठ दिनों से बत्ती गुल है। दोनों नदियाें का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। रात्रि में बिजली न आने से ग्रामीण उमस भरी गर्मी में रहने को विवश है। जंगली इलाका होने की बजह से जीव-जंतु भी गांव की ओर आ रहे हैं। दिन में ग्रामीणों को ज्यादा परेशानी नहीं होती है, परंतु रात में अंधेरा होने पर हमेशा अनहोनी की आशंका बनी रहती है। विभागीय अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने विद्युतापूर्ति सुचारू कराने की मांग की है।
इस मौके पर मोलू परिहार, राजेश सिंह परिहार, अंकित सिंह, शंकर सिंह, इंद्रजीत, रविंद्र सिंह, शिवम यादव, वीर सिंह, उपेंद्र सिंह, अजीत, रोहित, हरेंद्र सिंह प्रधान, महेश चंद्र प्रधान, आसू परिहार, संतोष, आशीष, भारत आदि मौजूद रहे।