झांसी। गांवों में संचालित विभिन्न योजनाओं में ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने के लिए ग्राम सचिवालय बनेंगे। इनमें पंचायत सहायक और अकाउंटेंट कम डाटा इंट्री आपरेटर तैनात होेंगे। ग्राम सचिवालय में जन्म- मृत्यु पंजीकरण प्रपत्र, परिवार रजिस्टर, ग्राम पंचायत के आय- व्यय से संबंधित पुस्तिका एवं बिल वाउचर, कार्यवाही रजिस्टर, विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की सूची, बीपीएल परिवारों की सूची, विभिन्न योजनाओं में लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन पत्र आदि उपलब्ध होेेंगे। इससे ग्रामीणों की सुविधाएं आसान हो जाएंगी और उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। यह सुविधा जिले की सभी 496 ग्राम पंचायतों में मिलेगी।
गांवों में ग्राम सचिवालय की स्थापना होने से ग्रामीण लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी। गांव के सभी निवासी ग्राम सचिवालय से राज्य और केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी ले सकेंगे। कामन सर्विस सेंटर से योजनाओं के लिए आवेदन भी कर सकेंगे। ग्रामीण विकास से संबंधित समस्त जानकारियां इंटरनेट के माध्यम से उपलब्ध होंगी। ग्राम सचिवालय से ग्रामवासी देश एवं विश्व के विकास के साथ तालमेल स्थापित करने में सक्षम होंगे।
यह मिलेगी सुविधा
ग्राम पंचायत सचिवालय में कामन सर्विस सेंटर संचालित होगा। इससे विभिन्न वर्गों के हितों के लिए चलाई जा रहीं योजनाओं की जानकारी मिलेगी। बीसी सखी के माध्यम से लोगों को बैंकिंग सुविधा मिलेगी। विभिन्न विभागों के कर्मचारी ग्राम पंचायत में एक जगह बैठकर कार्य कर सकेंगे। ग्राम पंचायत भवन में फर्नीचर व अन्य जरूरी सामग्रियों की खरीद पंचायतें करेंगी। इसमें कंप्यूटर, अलमारी, सोलर पैनल, इनवर्टर एवं बैटरी, सीसीटीवी कैमरे शामिल हैं। ग्राम पंचायतों को इसके लिए 1.75 लाख रुपये दिए जाएंगे। कर्मचारियोें की कमी दूर करने के लिए पंचायत सहायक व अकाउंटेंट कम डाटा इंट्री आपरेटर का चयन किया जाएगा। ग्राम पंचायत की प्रशासनिक समिति गांव के योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेगी। यह कर्मचारी ग्राम पंचायत के प्रतिदिन के कार्यों का संचालन करेंगे।
अगस्त में शुरू होगी नियुक्ति प्रक्रिया
पंचायत सहायक और अकाउंटेंट कम डाटा इंट्री ऑपरेटर की नियुक्ति छह हजार रुपये प्रतिमाह संविदा पर एक वर्ष के लिए होगी। आवेदन पत्र आमंत्रित करने के लिए ग्राम प्रधान द्वारा 30 जुलाई से एक अगस्त तक अधिसूचना जारी की जाएगी। डुगडुगी पिटवाकर मुनादी कराई जाएगी। आवेदन पत्र दो से 17 अगस्त तक ग्राम पंचायत या संबंधित ब्लाक कार्यालय या जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में जमा किए जाएंगे। आवेदन निशुल्क होंगे। 18 से 23 अगस्त तक आवेदन पत्रों को संबंधित ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराया जाएगा। 24 से 31 अगस्त तक आवेदन पत्रों की वरिष्ठता सूची तैयार कर प्रशासनिक समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसे अनुमोदित कर जिला स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। एक से सात सितंबर तक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा परीक्षण और संस्तुति की जाएगी। आठ से दस सितंबर तक ग्राम पंचायतों द्वारा नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।
शासन की सभी महत्वपूर्ण योजनाएं ग्राम पंचायतों के माध्यम से अथवा उनके सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में क्रियान्वित होंगी। पंचायत सहायक और अकाउंटेंट कम डाटा इंट्री आपरेटर को उनकी सेवाओं के बदले में ग्राम पंचायत द्वारा छह हजार रुपये प्रतिमाह का भुगतान किया जाएगा। इन कर्मचारियों को पंचायतीराज निदेशालय द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। पंचायत सहायक की नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता रखी जाएगी। ग्राम पंचायत के प्रधान, उप प्रधान, सदस्य अथवा सचिव के किसी संबंधी को इस पद पर नहीं रखा जा सकेगा।
- आंद्रा वामसी, जिलाधिकारी