झांसी। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यूपी को बुआ, बबुआ नहीं, बल्कि बाबा चाहिए। प्रदेश की जनता ये मान और ठान चुकी है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि 84 योगासनों में से प्रदेश में विकास 83 आसन कर रहा है। शीर्षासन सपा के लिए छोड़ दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि दो अक्षर का नाम योगी सुनते ही अपराधियों की नींद उड़ जाती है। पिछली सरकारों में अपराधी शाम होते ही कट्टा निकालकर सड़कों पर उतर आते थे। अब किसी माई के लाल की औकात नहीं है, जो प्रदेश में ऐसी हरकत कर जाए। राजनाथ बोले कि योगी आलराउंडर खिलाड़ी हैं। बल्लेबाजी तो करते ही हैं। जब गेंदबाजी पर उतरते हैं, तो अच्छे-अच्छे बल्लेबाजों का विकेट उखाड़ देते हैं, क्या सपा, क्या बसपा, क्या कांग्रेस। योगी की इन स्विंग और आउट स्विंग के आगे कोई टिक नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार भी बुंदेलखंड की सारी जनता भाजपा को जिताए।