झांसी। बीती रात कोतवाली और नवाबाद थाना इलाके में हुईं पुलिस मुठभेड़ों में दो बदमाश घायल हो गए, जबकि एक भागने में कामयाब रहा। घायल बदमाशों के पास से पुलिस ने तमंचे व कारतूस बरामद किए।
शुक्रवार - शनिवार की मध्य रात नवाबाद थाने की टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दरम्यान सूचना मिली कि विश्वविद्यालय के पास एसबीआई एटीएम का लॉक तोड़कर चोरी का प्रयास करने का आरोपी क्राफ्ट मेला मैदान के पास जाने वाले मार्ग पर मजार के पास मौजूद है। टीम के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष विजय कुमार पांडेय ने उससे आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जवाब में पुलिस की ओर से चलाई गई गोली से बदमाश घायल हो गया, जिसे पकड़ लिया गया। बदमाश की पहचान थाना लहूचरा के ग्राम धवाकर निवासी दामोदर सेन उर्फ दामू (25) के रूप में की गई। वर्तमान में वो करगुवां में एक किराये के मकान में रह रहा था। उसके पास से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए। पकड़े गए आरोपी पर दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वहीं, कोतवाली पुलिस की टीम अंजनी माता मंदिर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दरम्यान शिव परिवार कॉलोनी की ओर से एक बाइक आती दिखाई दी, जिस पर दो लोग सवार थे। रोकने का इशारा करते हुए बाइक सवार पुलिस टीम को पार करते हुए तेज गति से हाईवे की ओर निकल गए। इस पर कंट्रोल रूम को घेराबंदी के लिए सूचना दी गई। सतर्क हुईं पुलिस टीमें राईन कब्रिस्तान के पास बदमाशों के सामने आ गईं। बाइक को गिराकर दोनों रेलवे ट्रैक की ओर भागने लगे। इनमें से एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस की ओर से जवाबी फायर में एक बदमाश घायल हो गया, जिसे पकड़ लिया गया। जबकि, उसका साथी भागने में कामयाब रहा। पकड़े गए बदमाश की पहचान मरघटा के पास उन्नाव गेट निवासी विक्की उर्फ विकास राय (33) के रूप में की गई। उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद की गई। विक्की पर नौ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।